कड़ी सुरक्षा के बीच छठे चरण का मतदान हुआ संपन्न

समाचार बस्ती, 25 मई। कड़ी सुरक्षा के बीच बस्ती मंडल में लोकसभा चुनाव के छठें चरण का मतदान शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। कहीं से किसी अप्रिय वारदात की खबर नही मिली है। सुबह ही बूथों पर मतदाताओं की लम्बी लाइन लग गई। हीट वेव के चलते मतदाताओं ने सबसे पहले मतदान का मन बनाया। वहीं दोपहर में मतदान केन्द्रों पर सन्नाटा दिखाई दिया। दोपहर बाद 3.00 बजे तक 47.07 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी।

इस बीच प्रत्याशी, आब्जर्वर और अन्य मजिस्ट्रेट मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर स्थिति की जानकारी लेते रहे। कई मतदान केन्द्रों पर इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन खराब होने की जानकारी मिली लेकिन प्रशासन ने समय रहते मशीनों को रिप्लेस कर मतदान प्रक्रिया बहाल करवाया। बूथ 310, वि.स. बस्ती सदर, कोहड़वा में ईवीएम खराब होने की जानकारी मिली। ढाई घण्टे बाद एसडीएम शत्रुघ्न पाठक ने मशीन रिप्लेस कर वोटिंग शुरू करवाया। स्थानीय लोग टाइम इक्सटेंशन की मांग कर रहे हैं।

बस्ती में फर्जी वोटिंग की भी खबर मिली है। आर्य कन्या इ.का. मतदान केन्द्र, बभनगावां-बस्ती पर बबिता श्रीवास्तव को बताया गया कि उनका वोट बैलेट से पड़ चुका है। उन्हे बगैर वोटिंग के निराश लौटना पड़ा। बूथ संख्या 395 आमा पर ईवीएम मशीन के खराब होने की जानकारी मिली, मशीन बाद में रिप्लेस की गई। बस्ती में 5 बजे तक 55.02 प्रतिशत वोटिंग रिपोर्ट की गई। 2019 के लोकसभा चुनाव में कुल 57.19 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। आपको बता दें बस्ती लोकसभा सीट पर भाजपा के हरीश द्विवेदी और इंडिया गठबंधन के रामप्रसाद चौधरी के बीच कांटे का मुकाबला है।

गौर थाना क्षेत्र के छितहा निवासी दुर्गेश पाण्डेय ने ब्लाक प्रमुख जटाशंकर शुक्ल के पुत्र अखिलेश शुक्ल, अमरजीत शुक्ल पुत्र स्व. शिवप्रसाद तथा जितेन्द्र पंडित पुत्र शोभनाथ पर खुद को मारने पीटने का आरोप लगाया है। आरोप है कि वोट डालकर वापस आते समय आरोपियों द्वारा यह पूछने पर कि किसको वोट दिया, जवाब न मिलने पर उन लोगों ने मारा पीटा। आनलाइन शिकायत कर पीड़ित ने इंसाफ मांगा है।

डुमरियागंज लोकसभा में बांसी विधानसभा के जलहेखोर में मतदान के बहिष्कार की खबर है। ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाकर मतदान का बहिष्कार किया। मतदान केन्द्र पर सन्नाटा छाया रहा। कर्मचारी वोटरों का इंतजार करते रहे। यहां इंडिया गठबंधन के भीष्मशंकर तिवारी पाल को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। आपको बता दें यहां के मतदाता खराब सड़कों के कारण मौजूदा सांसद व प्रत्याशी जगदम्बिका पाल से काफी नाराज हैं। डुमरियागंज सीट पर 3.00 बजे तक 43.88 प्रतिशत व 5.00 बजे तक 50.65 प्रतिशत वोट डाले जाने की खबर है।

संत कबीरनगर में खलीलाबाद लोकसभा में मेंहदावल विधानसभा ग्राम मंझरिया पठान बूथ संख्या 235 पर वोट डालने जा रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अचानक बूथ के गेट पर चक्कर खाकर गिर गई। लोग महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उनको मृत बता दिया। महिला का नाम जलधारी निषाद था। पति का नाम बसंत है। खलीलाबाद सीट पर 3.00 बजे तक 43.49 प्रतिशत व 5 बजे तक 51 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। मतदाताओं में महगाई, बेरोजगारी के प्रति काफी आक्रोश देखने को मिला ॥