जिला पोषण समिति की बैठक का हुआ आयोजन

समाचार बस्ती जिला पोषण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में आहूत की गयी। समीक्षा के दौरान उन्होंने पाया कि जनपद में चिन्हित किए गए 2047 सैम बच्चों में से अब तक 1342 बच्चों को दवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। शेष बच्चों को जिलाधिकारी ने शीघ्र दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश सम्बन्धित को दिए। उन्होंने इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को संयुक्त रूप से साप्ताहिक समीक्षा करने के लिए निर्देशित किया। एनआरसी में बच्चों की भर्ती की कम संख्या को देखते हुए आर0बी0एस0के टीम को सक्रिय रूप से काम करने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए गये।
जिलाधिकारी द्वारा पोषण ट्रैकर एप पर आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों की जानकारी और उनकी पोषण स्थिति की फीडिंग शत प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये। पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से वास्तविक समय में डेटा उपलब्ध कराने और इसे नियमित रूप से अद्यतन करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया। यह प्रयास बच्चों की पोषण स्थिति की सटीक निगरानी और सुधार में सहायक होगा।
जिले में शौचालय, पेयजल और लर्निंग लैब से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि शौचालय निर्माण कार्य के अंतर्गत 12 परियोजनाएं और पेयजल व्यवस्था के अंतर्गत 10 परियोजनाएं अब तक आरंभ नहीं हुई हैं। इन सभी अनारंभ कार्यों को शीघ्र आरंभ करने के लिए खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया। शौचालय और पेयजल की उपलब्धता से बच्चों की सुविधाएं सुनिश्चित होंगी। इसके अलावा, लर्निंग लैब के कार्य में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया है ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।
जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री भर्ती प्रक्रिया में अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयदेव सी एस, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी आर एस दूबे, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, पीडी राजेश कुमार, डीडीओ अजय सिंह, उपजिलाधिकारी शाहिद अहमद, विनोद पाण्डेय, शत्रुघ्न पाठक, ईओ नगर पालिका सुनिष्ठा सिंह, डीपीआरओ रतन कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी राजेश कुमार, समस्त खण्ड विकास अधिकारी सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।